Jharkhand Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव की वजह से झारखंड इस समय घने कोहरे की गिरफ्त में है। शनिवार को राज्य के 20 जिलों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। राजधानी रांची में स्थिति सबसे अधिक गंभीर रही, जहां सुबह दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। इससे हवाई, रेल और सड़क यातायात पर भारी असर पड़ा और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों के कई जिलों में अगले 24 घंटों के लिए घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी नीचे जा सकती है, जिससे आवाजाही बेहद कठिन हो सकती है।
ऑरेंज अलर्ट में शामिल जिले हैं:
- गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग और लातेहार।
वहीं रांची, रामगढ़, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में यलो अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी ओर, सिमडेगा, सरायकेला और पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम में कोहरे का असर अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना जताई गई है।
हवाई सेवाएं प्रभावित, यात्रियों को दिक्कतें बढ़ीं
रांची एयरपोर्ट पर घने कोहरे का सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिला। दृश्यता घटने के कारण सात उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु और अहमदाबाद से आने-जाने वाली कई फ्लाइट्स देरी से पहुंचीं। उड़ानों की रद्द होने की खबर मिलते ही यात्रियों में बुकिंग के लिए अफरा-तफरी मच गई।
रेल और बस सेवाओं पर भी असर
कोहरे का असर रेल यातायात पर भी स्पष्ट रूप से देखने को मिला। जम्मूतवी-संबलपुर ट्रेन जहां आठ घंटे देरी से पहुंची, वहीं मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस ढाई घंटे लेट रही। उत्तर बिहार से रांची आने वाली बस सेवाएं भी समय पर नहीं पहुंच पाईं।
कड़ाके की ठंड से बढ़ी ठिठुरन
कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। रांची का न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि कांके में पारा 6.2 डिग्री तक पहुंच गया। लोहरदगा, लातेहार और खूंटी में भी तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच रहा।
Also Read: नोरा फतेही सड़क हादसे का शिकार, नशे में धुत ड्राइवर ने कार में मारी टक्कर, एक्ट्रेस सुरक्षित






