Jharkhand Weather News: उत्तर-पश्चिम से बहने वाली ठंडी हवाओं की तीव्रता में कमी आने के कारण झारखंड में फिलहाल कड़ाके की ठंड से राहत मिली है। राजधानी रांची समेत राज्यभर में मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, 25 नवंबर तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है और मौसम सामान्य स्थिति में रहेगा।
26 नवंबर के बाद फिर बढ़ेगी ठंड
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक ने बताया कि 26 नवंबर के बाद न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू होगी। पारा 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है, जिससे लोगों को एक बार फिर ठंड का एहसास होगा। उन्होंने बताया कि आज राज्य में सबसे कम तापमान लोहरदगा में रिकॉर्ड किया गया, जहां न्यूनतम पारा 11.3°C तक गिर गया।
राज्यभर में तापमान का हाल
पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान पाकुड़ में दर्ज हुआ, जो 30.5°C तक पहुंच गया। वहीं अधिकांश जिलों में सुबह का तापमान निम्न स्तर पर रहा।
आज सुबह दर्ज किए गए न्यूनतम तापमान—
- रांची: 13.4°C
- जमशेदपुर: 15.4°C
- डाल्टनगंज: 12°C
- बोकारो: 14.1°C
- चाईबासा: 15.5°C
अन्य जिलों का तापमान—
- बोकारो: 14.2°C
- देवघर: 14.3°C
- पूर्वी सिंहभूम: 17.4°C
- कोडरमा: 14.2°C
- गोड्डा: 15.6°C
- गुमला: 12°C
- हजारीबाग: 12.1°C
- खूंटी: 12.3°C
- लातेहार: 12.7°C
- पाकुड़: 15.1°C
- सिमडेगा: 12.5°C
- पश्चिमी सिंहभूम: 13.9°C
28 नवंबर से बदल सकता है मौसम
तमिलनाडु के पास बने कम दबाव क्षेत्र का हल्का असर झारखंड में भी देखने को मिल सकता है। 28 नवंबर से राज्य के कुछ जिलों में आंशिक या छिटपुट बादल छाने की संभावना है। हालांकि बारिश की संभावना बहुत कम बताई गई है।






