Ranchi: झारखंड में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। दिनभर धूप खिलने के बावजूद शाम ढलते ही सिहरन बढ़ जाती है। राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान बुधवार की तुलना में थोड़ा ऊपर जरूर गया, लेकिन पारा 6.3 डिग्री सेल्सियस पर रिकॉर्ड हुआ। ठंड इतनी तीखी है कि राज्य के नौ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। वहीं अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
आठ जिलों में छाया घना कोहरा, येलो अलर्ट जारी
मौसम केंद्र रांची के अनुसार, राज्य के आठ जिले – गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह और देवघर – घने कोहरे की चपेट में हैं। सुबह के समय विजिबिलिटी में भारी गिरावट दर्ज की गई है। डाल्टनगंज में विजिबिलिटी 150 मीटर और देवघर में 200 मीटर तक सीमित रही। कम दृश्यता और सुरक्षा को देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है तथा लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
फ्लाइट संचालन पर पड़ा असर
रांची में कम विजिबिलिटी और अन्य ऑपरेशनल कारणों से हवाई सेवाओं पर भी असर देखा गया। 18 नवंबर को इंडिगो की 20 जबकि एयर इंडिया की 9 फ्लाइट विलंब से पहुंचीं, वहीं कुल तीन फ्लाइट को रद्द करना पड़ा।
नौ जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे
झारखंड के जिन नौ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंचा है, वे हैं—
रांची, डाल्टनगंज, कोडरमा, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा और सिमडेगा।
रांची के बाद सबसे कम तापमान गुमला में 6.9 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि खूंटी और लोहरदगा का तापमान 7.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
जिलों का न्यूनतम तापमान:
- रांची – 6.3°
- गुमला – 6.9°
- खूंटी – 7.6°
- लोहरदगा – 7.6°
- हजारीबाग – 8.6°
- लातेहार – 8.7°
- सिमडेगा – 9.1°
- कोडरमा – 9.3°
- डाल्टनगंज – 9.8°
11 जिलों में अधिकतम पारा गिरा
अधिकतम तापमान में भी गिरावट जारी है। रांची मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, लातेहार में अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री तक गिर गया है, जिससे धूप में भी ठंड का एहसास हो रहा है। इसके अलावा रांची, डाल्टनगंज, बोकारो, कोडरमा, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लोहरदगा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री से 25 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
आगे क्या?
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ठंड में और बढ़ोतरी की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट जारी रहेगी। साथ ही सुबह-शाम कोहरे की स्थिति में सुधार की फिलहाल कोई संभावना नहीं है।
Also Read: राजधानी रांची के कई इलाकों में कल रहेगी बिजली बाधित, देखें पूरी लिस्ट






