Ranchi: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा से जुड़ा विवाद अब और गंभीर हो गया है। छात्रों के एक समूह ने झारखंड हाईकोर्ट के निर्णय को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। यह मामला सुप्रीम कोर्ट में दाखिल होने के बाद अब सभी की निगाहें शीर्ष अदालत के निर्णय पर टिकी हैं।
इससे पहले, 3 दिसंबर को झारखंड हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने अपने आदेश में 10 अभ्यर्थियों के परिणाम पर रोक लगाते हुए शेष सफल उम्मीदवारों की नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त किया था। हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद से ही छात्रों में मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आ रही थीं।
याचिका दायर करने वाले छात्रों ने कहा कि वे सुप्रीम कोर्ट को अपनी अंतिम उम्मीद के रूप में देख रहे हैं और उन्हें पूर्ण न्याय की अपेक्षा है। हालांकि, याचिका फिलहाल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं हुई है।
इधर, हाईकोर्ट के फैसले के बाद JSSC ने सफल अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट जारी कर दी है, जिससे नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना बढ़ गई है। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप की स्थिति में आगे की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।






