भुरकुंडा में बड़ा हादसा: ओबी गिरने से दो मजदूरों की मौत, आउटसोर्सिंग कंपनी का काम बंद

By Shreya

Published On:

Date:

भुरकुंडा में बड़ा हादसा: ओबी गिरने से दो मजदूरों की मौत, आउटसोर्सिंग कंपनी का काम बंद

Ramgarh: रामगढ़ जिले के भुरकुंडा क्षेत्र में देर रात बड़ा हादसा हो गया। सीसीएल बरका सयाल क्षेत्र अंतर्गत उरीमारी कोलियरी में आउटसोर्सिंग कंपनी आशीर्वाद में कार्यरत दो मजदूरों की मौत हो गई। यह हादसा रात की पाली (नाइट शिफ्ट) के दौरान हुआ, जब अचानक ओवर बर्डन (ओबी) धंसकर दोनों मजदूरों पर गिर गया। भारी मात्रा में मिट्टी और पत्थर के नीचे दबने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई और आक्रोशित मजदूरों व यूनियन नेताओं ने काम बंद करा दिया।

यूनियन नेता राजू यादव ने बताया कि हादसे के लिए आउटसोर्सिंग प्रबंधन पूरी तरह जिम्मेदार है। मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती और बिना सुरक्षा मानकों के काम कराया जाता है। उन्होंने मृतक मजदूरों के परिवार को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने भी आउटसोर्सिंग कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया है और कहा है कि जब तक प्रबंधन स्पष्ट जवाब नहीं देगा, कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा। घटना के बाद पुलिस प्रशासन और सीसीएल प्रबंधन मौके पर पहुंचने की तैयारी में जुटा है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू की जाएगी।

Also Read: रांची में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: 7 अड्डे ध्वस्त, भारी मात्रा में महुआ शराब बरामद

Leave a Comment