रांची: झारखंड में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के नौ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है और कई इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। यह जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को साझा की।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से बताया गया है कि गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, रांची, सरायकेला, सिमडेगा और पश्चिम सिंहभूम ऐसे जिले हैं, जहां रात का तापमान काफी नीचे चला गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के उप निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, झारखंड के निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में लगातार सक्रिय उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट देखने को मिल रही है।
राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची में 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद गुमला में तापमान 7.1 डिग्री और खूंटी में 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
अन्य शहरों की बात करें तो डालटनगंज में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि जमशेदपुर में यह 12 डिग्री और चाईबासा में 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
Also Read: सरना धर्म कोड की मांग पर आंदोलन तेज, 17 फरवरी को दिल्ली कूच






