धनबाद में मानव खोपड़ी मिलने से दहशत, पहाड़ी इलाके से कंकाल बरामद

By Shreya

Published On:

Date:

धनबाद में मानव खोपड़ी मिलने से दहशत, पहाड़ी इलाके से कंकाल बरामद

Dhanbad: जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र में मानव कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने चलकरी की पहाड़ी इलाकों से एक मानव खोपड़ी और जबड़ा बरामद किया है। कंकाल मिलने की सूचना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, बरामद कंकाल में केवल खोपड़ी और जबड़ा मौजूद है। पुलिस ने मानव कंकाल को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद खोपड़ी और जबड़े को फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल भेजा जाएगा, जिससे मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

दरअसल, पिछले दो दिनों से तोपचांची थाना क्षेत्र के वाटर बोर्ड परिसर के आसपास शव देखे जाने की चर्चाएं चल रही थीं। इसकी सूचना मिलने पर तोपचांची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। रविवार को पुलिस ने तोपचांची झील के आसपास के जंगली इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उस दौरान कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।

जांच को आगे बढ़ाते हुए सोमवार को पुलिस टीम ने चलकरी की पहाड़ी इलाकों में तलाशी ली, जहां मानव कंकाल बरामद हुआ। कंकाल के पास से कुछ कागजात, एक पर्स और चाभी भी मिली है। पुलिस ने कंकाल के साथ बरामद सभी सामानों को जब्त कर तोपचांची थाना लाया है।

तोपचांची थाना प्रभारी अजित भारती ने बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान एक मानव खोपड़ी और जबड़ा मिला है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। इसके बाद कंकाल को एफएसएल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मृतक की पहचान संभव हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह हत्या का मामला है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है।

Also Read: NIT जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रशासन अलर्ट मोड में

Leave a Comment