खूंटी में फिर से PLFI की दहशत, क्रेसर प्लांट में फायरिंग कर 20 लाख की लेवी मांगी

By Shreya

Published On:

Date:

खूंटी में फिर से PLFI की दहशत, क्रेसर प्लांट में फायरिंग कर 20 लाख की लेवी मांगी

Khunti: खूंटी जिले में एक बार फिर उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिब्रेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए दहशत फैलाने की कोशिश की है। खूंटी सदर थाना क्षेत्र के डुगड़गिया स्थित मेसर्स नितेश शारदा क्रेसर प्लांट में 24 दिसंबर की रात चार अज्ञात उग्रवादियों ने घुसकर फायरिंग की।

घटना के दौरान प्लांट में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। उग्रवादियों ने फायरिंग के बाद वहां मौजूद लोगों को PLFI का एक धमकी भरा पत्र थमाया और मौके से फरार हो गए। पत्र में क्रेसर प्लांट के संचालक से 20 लाख रुपये की लेवी की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि तय समय के भीतर लेवी नहीं दी गई तो फौजी कार्रवाई की जाएगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह धमकी पत्र पीपुल्स लिब्रेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) के जोनल सदस्य राजेश यादव के नाम से जारी किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही खूंटी सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है।

पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद किए हैं और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद से क्रेसर प्लांट संचालकों और स्थानीय व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। सुरक्षा एजेंसियां उग्रवादियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और उग्रवादियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Also Read: बिजनौर में फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल करने का आरोप, युवक गिरफ्तार

Leave a Comment