Deoghar: देवघर एयरपोर्ट को और अधिक विकसित, सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने तेजी से कदम बढ़ा दिए हैं। इसी क्रम में उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में एयर फील्ड एनवायरमेंट मैनेजमेंट कमेटी और एयरोड्रम कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें एयरपोर्ट अथॉरिटी, जिला प्रशासन, सुरक्षा विभाग और नगर निगम सहित विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी और सुरक्षा टीम को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा करते हुए DGCA की गाइडलाइन, मॉक ड्रिल और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए।
एयरपोर्ट परिसर की सुरक्षा और मजबूती पर विशेष जोर
उपायुक्त ने एयरपोर्ट की चारदीवारी को और मजबूत बनाने की बात कही। साथ ही एयरपोर्ट के आसपास के लंबे और घने पेड़ों की कटाई-छंटाई के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की उड़ान बाधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त हो और परिसर में स्वच्छता बनी रहे। नगर निगम को अल्टीमेटम देते हुए कहा गया कि एयरपोर्ट के आसपास कचरे का अंबार न लगे, जिससे पक्षी और जानवर आकर्षित न हों।
पक्षियों और जानवरों से खतरा रोकने के लिए कदम
बैठक में एयरपोर्ट के आसपास कसाईखाना, मीट और चिकन दुकानों पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया, ताकि पक्षी और आवारा कुत्तों की संख्या न बढ़े। यह कदम उड़ानों के दौरान संभावित जोखिम को कम करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
अतिक्रमण पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक के दौरान मोहनपुर और देवघर के अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि एयरपोर्ट के आसपास किसी भी प्रकार के अतिक्रमण पर तुरंत कार्रवाई की जाए। अवैध निर्माण पाए जाने पर उसे तुरंत ध्वस्त करने का आदेश दिया गया, ताकि उड़ान संचालन पूर्णतः सुरक्षित रह सके।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने पर जोर
बैठक में मौजूद पुलिस अधीक्षक सौरभ ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। एयरपोर्ट के आसपास असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सके।
बैठक में कई विभाग हुए शामिल
इस अहम बैठक में जिला संपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार, ट्रैफिक डीएसपी, जिला अग्निशमन विभाग के अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित विद्यार्थी तथा एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
Also Read: झारखंड पर कोहरे का साया: 8 जिलों के लिए येलो अलर्ट, रांची समेत 9 जिलों का तापमान 10 डिग्री से नीचे






