रांची: साउथ ईस्टर्न रेलवे ने नया आदेश जारी करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि अब ड्यूटी के दौरान कर्मचारी व्लॉगिंग, वीडियो रिकॉर्डिंग या लाइव स्ट्रीमिंग बिल्कुल नहीं कर सकेंगे। रेलवे प्रशासन का कहना है कि कुछ स्टाफ सदस्य काम के समय सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाते हैं, जिससे सुरक्षा, गोपनीय सूचना और कार्य प्रणाली पर नकारात्मक असर पड़ता है।
फोटोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित
जारी निर्देशों के अनुसार, ड्यूटी के वक्त खासकर यूनिफॉर्म में या रेलवे परिसर जैसे स्टेशन, कार्यालय, वर्कशॉप, कंट्रोल रूम और ट्रेन के भीतर किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित है।
रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि कर्मचारी मोबाइल फोन का इस्तेमाल केवल जरूरी कार्यों के लिए या फिर ब्रेक टाइम में कर सकते हैं। सोशल मीडिया के लिए कंटेंट बनाना कार्य समय में सख्त मना है।
निर्देशों में चेतावनी दी गई है कि इस नियम का उल्लंघन करने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि सभी कर्मचारी इन नियमों से पूरी तरह अवगत हों और उनका पालन करें।
Also Read: झारखंड का अनुपूरक बजट पेश: मंईयां सम्मान योजना को मिली प्राथमिकता






