नल-जल योजना की पोल: करोड़ों खर्च, फिर भी 279 परिवार पानी को तरसे

By Neha

Published On:

Date:

नल-जल योजना की पोल: करोड़ों खर्च, फिर भी 279 परिवार पानी को तरसे

देवघर : देवघर जिले के घघरजोरी, कल्हाजोर और रजदाहा गांवों में नल-जल योजना पर तीन करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होने के बावजूद 279 परिवार अभी भी पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। हालात इतने खराब हैं कि इन गांवों के छह स्कूलों और पांच आंगनबाड़ी केंद्रों में भी बच्चों को साफ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

जल जीवन मिशन के ऑनलाइन रिकॉर्ड में दावा किया गया है कि लक्षित 1904 परिवारों में से 1277 घरों को नल-जल कनेक्शन दे दिए गए हैं। लेकिन 29 नवंबर को घघरजोरी पंचायत में हुए जनसुनवाई कार्यक्रम में सोशल ऑडिट टीम ने बताया कि तीनों गांव के 16 टोलों में घर-घर किए गए सर्वे में कई गंभीर खामियां मिलीं। ग्रामीणों ने खुले तौर पर स्वीकार किया कि उन्हें अब तक पानी नहीं मिल रहा, और कई अनियमितताएँ भी अधिकारियों के सामने उजागर कीं।

ग्रामीणों के घर पानी नहीं पहुँच रहा

सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक इन तीन गांवों में 40 पेयजल परियोजनाएँ चलाई जा रही हैं, जिन पर 540.53 लाख रुपये स्वीकृत हैं। इनमें से 299.83 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं और सहायक अभियंता के अनुसार 80% कार्य पूरा हो चुका है। इसके बावजूद ग्रामीणों के घरों तक एक बूंद पानी भी नहीं पहुँच रहा।

जनसुनवाई में यह भी चौंकाने वाली जानकारी सामने आई कि जिन जल-स्रोतों में एक साल से पानी नहीं है या जो खराब पड़े हैं, उन्हीं स्रोतों के पानी की जांच रिपोर्ट सितंबर 2025 में विभागीय वेबसाइट पर अपलोड की गई है। ग्रामीणों ने इसे जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताया है।

राशन की कालाबाजारी का भी खुलासा

घघरजोरी गांव के 53 राशनकार्ड धारकों ने आरोप लगाया कि पूजा और कंचन स्वयं सहायता समूह—जो यहां के राशन डीलर हैं—

  • हर महीने 6 किलो राशन कम देते हैं

  • और प्रति कार्ड 10 रुपये अवैध रूप से वसूलते हैं

ग्रामीणों ने इसकी शिकायत जिला शिकायत निवारण अधिकारी को लिखित रूप में दी है। अनुमान है कि दोनों डीलर हर महीने करीब 40–40 हजार रुपये के खाद्यान्न की काला बाजारी कर रहे हैं। इसके अलावा, आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 1 और 2 महीनों से बंद होने की शिकायत भी जनसुनवाई में सही पाई गई।

Also Read : शराब घोटाला: ACB ने IAS अमित कुमार को पूछताछ के लिए तलब किया

Leave a Comment