रांची: निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे की पत्नी स्वपना संचिता को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया है। एसीबी की टीम मंगलवार को उनसे आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में पूछताछ करेगी।
इससे पहले भी एसीबी की टीम दो अलग-अलग तारीखों पर उनके आवास पर जाकर पूछताछ कर चुकी है। जांच के दौरान एसीबी को यह जानकारी मिली थी कि स्वपना संचिता पहले विनय सिंह की एक कंपनी में कार्यरत थीं, जहां उन्हें वेतन दिया जाता था। इसी पहलू को लेकर भी एसीबी ने उनसे सवाल किए।
इसके अलावा बैंक खातों में हुए लेनदेन को लेकर भी उनसे जानकारी मांगी गई। पूछताछ के दौरान स्वपना संचिता ने दावा किया कि उनके पास आय से अधिक कोई संपत्ति नहीं है और सभी वित्तीय लेनदेन पूरी तरह वैध माध्यमों से किए गए हैं।
हालांकि, पूछताछ के दौरान एसीबी को कई सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं मिल सके। खासकर आय और खर्च से जुड़े मामलों में संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने के बाद टीम वापस लौट गई। अब जरूरत पड़ने पर एसीबी एक बार फिर से उनसे पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।
Also Read: मोंटाना के लिब्बी शहर में भीषण बाढ़, उफनती नदी ने पुल तोड़ा






