होटवार जेल में नाच और आपराधिक गतिविधियों पर झारखंड हाईकोर्ट सख्त, राज्य सरकार से मांगा जवाब

By Shreya

Published On:

Date:

होटवार जेल में नाच और आपराधिक गतिविधियों पर झारखंड हाईकोर्ट सख्त, राज्य सरकार से मांगा जवाब

Ranchi: होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में नाच-गाने और जेल के भीतर से आपराधिक गतिविधियों के संचालन से जुड़ी खबरों को झारखंड हाईकोर्ट ने गंभीरता से लिया है। मीडिया में आई रिपोर्ट के आधार पर यह मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा, जहां चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने इसे बेहद चिंताजनक बताते हुए राज्य सरकार को शपथ पत्र के माध्यम से जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।

हाईकोर्ट की सख्त मौखिक टिप्पणी

मामले की सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सख्त मौखिक टिप्पणी की। अधिवक्ता धीरज कुमार के अनुसार, कोर्ट ने कहा कि जेल के अंदर इस तरह की घटनाएं राज्य की एजेंसियों के लिए शर्मनाक और चिंता का विषय हैं। कोर्ट ने इस मामले की विस्तृत सुनवाई के लिए 6 जनवरी 2026 की तिथि निर्धारित की है।

बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से वायरल हुआ था वीडियो

गौरतलब है कि नवंबर महीने में होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें दो कैदियों के डांस करने का कथित दृश्य सामने आया था। वीडियो वायरल होने के बाद कारा महानिरीक्षक ने कार्रवाई करते हुए होटवार जेल के सहायक कारापाल जगन्नाथ राम को निलंबित कर दिया था। साथ ही वीडियो की सत्यता की जांच की जिम्मेदारी जेल निदेशक मनोज कुमार को सौंपी गई थी।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में दिख रहे कैदी विधु गुप्ता और विक्की भालोटिया हैं। विधु गुप्ता, मेसर्स प्रिज्म होलोग्राफी का संचालक है, जिसे एसीबी ने शराब घोटाला मामले में जुलाई माह में जेल भेजा था।

जेल से वीडियो बनाकर धमकी देने के आरोप

होटवार जेल पहले भी कई बार विवादों में रह चुका है। पूर्व में ईडी के मामलों में गिरफ्तार हाई-प्रोफाइल बंदियों को जेल मैनुअल का उल्लंघन कर अनुचित सुविधाएं देने के आरोप जेल प्रशासन पर लग चुके हैं।
इसके अलावा सोशल मीडिया के जरिए जेल से ही व्यापारियों को धमकाने के मामलों ने भी चिंता बढ़ाई है। कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के धमकी भरे सोशल मीडिया पोस्ट लगातार सुर्खियों में रहते हैं। वहीं राहुल सिंह पर भी सोशल मीडिया के माध्यम से धमकी देने के कई मामले सामने आ चुके हैं।

Also Read: हाईकोर्ट से IAS पूजा सिंघल को झटका, मनी लाउंड्रिंग मामले में ट्रायल का रास्ता साफ

Leave a Comment