Ranchi: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी-2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनी झारखंड क्रिकेट टीम ने आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। यह मुलाकात मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई, जहां खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने टीम के सभी खिलाड़ियों तथा सपोर्ट स्टाफ को ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि झारखंड की यह जीत राज्य के खेल इतिहास में एक सुनहरा अध्याय जोड़ने वाली है।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के जज्बे और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इस जीत ने झारखंड के युवाओं को नई प्रेरणा और ऊर्जा प्रदान की है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में राज्य की टीम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगी।
गौरतलब है कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी देश की प्रमुख टी-20 घरेलू प्रतियोगिता है, जिसमें झारखंड टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया था। टीम के प्रदर्शन की पूरे राज्य में सराहना की जा रही है।






