Chaibasa: चाईबासा के घने सारंडा जंगल में सक्रिय भाकपा (माओवादी) नक्सलियों के खिलाफ ओडिशा सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। झारखंड पुलिस के बाद अब ओडिशा पुलिस ने भी इन माओवादियों पर इनामी पोस्टर जारी किए हैं। राज्य सरकार की ओर से जारी इन पोस्टरों में भगोड़े नक्सलियों की तलाश में आम जनता से सहयोग की अपील की गई है।
इन पोस्टरों को जंगल के सुदूर इलाकों में लगाया जा रहा है, ताकि स्थानीय लोग नक्सल गतिविधियों से जुड़े किसी भी सुराग की सूचना पुलिस तक आसानी से पहुंचा सकें। पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
इसके साथ ही, पोस्टर में पुलिस अधिकारियों के कई संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं। इस अभियान को क्षेत्र की विविध भाषाई संरचना को ध्यान में रखते हुए ओड़िया, हिंदी और अंग्रेजी—तीनों भाषाओं में जारी किया गया है, जिससे अधिक से अधिक लोग जुड़ सकें।
प्रमुख इनामी नक्सलियों की सूची एवं इनाम राशि
- मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर : ₹1.20 करोड़
- पतिराम मांझी उर्फ अनल दा : ₹1.20 करोड़
- असिम मंडल उर्फ आकाश : ₹1.20 करोड़
- अनोल दा उर्फ लाल चंद्र हेम्ब्रम : ₹65 लाख
- संतोष उर्फ विश्वनाथ : ₹65 लाख
- जय महतो उर्फ मोछू : ₹65 लाख
- भवानी उर्फ सुजाता : ₹43 लाख
- राम प्रसाद मरांडी उर्फ महादेव : ₹43 लाख
- बेला सरकार उर्फ आशा : ₹43 लाख
- मदन महतो उर्फ शंकर महतो : ₹43 लाख
- संतोष महतो उर्फ बासुदेव दा : ₹43 लाख
- अमित मुंडा उर्फ सुखलाल : ₹43 लाख
- मेहनत उर्फ मोछू : ₹43 लाख
ओडिशा सरकार और पुलिस विभाग की यह संयुक्त कार्रवाई नक्सली नेटवर्क को कमजोर करने के प्रयासों को और गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं दूसरी ओर, सुरक्षा विशेषज्ञ इसे माओवादियों पर बढ़ते दबाव का संकेत भी मान रहे हैं।
सरकारी अधिकारियों का कहना है कि सूचना तंत्र मजबूत होने से नक्सलियों के खिलाफ सटीक और प्रभावी कार्रवाई में मदद मिलेगी। आने वाले दिनों में इस अभियान का दायरा और बढ़ाया जा सकता है।
Also Read: रामगढ़ जेल से लॉरेंस गैंग का ऑपरेशन! नया मास्टरमाइंड सुनील मीणा कर रहा वारदातों को अंजाम






