Ranchi: उरीमारी में मंगलवार रात सोनाराम मांझी के वाहन पर हुई गोलीबारी की घटना को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। इस हमले की जिम्मेदारी राहुल दुबे गैंग ने ली है। गैंग की ओर से बाकायदा एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 23 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच सयाल, उरीमारी इलाके में हुई थी, जब सोनाराम मांझी के काले रंग के स्कॉर्पियो वाहन पर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की थी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
घटना के बाद अब राहुल दुबे गैंग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति सामने आई है, जिसमें इस गोलीबारी की जिम्मेदारी लेते हुए सोनाराम मांझी को धमकी दी गई है। साथ ही गैंग ने अन्य कारोबारियों को भी चेतावनी देने की बात कही है। प्रेस विज्ञप्ति में आपराधिक भाषा का प्रयोग करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है।
इस मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया है। सुरक्षा एजेंसियां प्रेस विज्ञप्ति की सत्यता की जांच कर रही हैं और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इसे किस माध्यम से जारी किया गया। वहीं सोनाराम मांझी और उनके करीबियों की सुरक्षा बढ़ाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की जा सकती है। इलाके में लगातार छापेमारी और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
Also Read: कौन होगा झारखंड पुलिस का नया डीजीपी? सरकार अपनी नई नियमावली से करेगी नियुक्ति






