रेलवे के तरफ झारखंडवासियों को मिला तोहफा, ट्रेन संचालन के लिए मंजूर किए कई अहम प्रस्ताव

By Neha

Updated On:

Date:

रेलवे के तरफ झारखंडवासियों को मिला तोहफा, मंजूर किए कई अहम प्रस्ताव

पलामू: पलामू संसदीय क्षेत्र और पूरे झारखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी अच्छी खबर सामने आई है। झारखंड के चार सांसद—पलामू से विष्णु दयाल राम, जमशेदपुर से विद्युत वरण महतो, चतरा से कालीचरण सिंह और हजारीबाग से मनीष जायसवाल—ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस मुलाकात में सांसदों ने झारखंड की कई अहम रेल परियोजनाओं और ट्रेनों के संचालन से जुड़ी मांगें रखीं, जिन्हें रेल मंत्री ने तत्काल मंजूरी दे दी।

ट्रेन संचालन से यात्रियों को मिलेगा फायदा

सांसद विष्णु दयाल राम के प्रयासों का बड़ा फायदा खासकर गढ़वा और डालटनगंज के यात्रियों को मिलेगा। उनके अनुरोध पर रांची–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के परिचालन में अहम बदलाव किए जा रहे हैं। अभी यह ट्रेन सप्ताह में चार दिन चलती है, लेकिन सांसदों ने इसे रोज चलाने की मांग रखी, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। इसी तरह, वर्तमान में यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन रांची–लोहरदगा–डालटनगंज–गढ़वा रोड होकर चलती है, अब इसे बढ़ाकर तीन दिन किया जाएगा। बाकी चार दिन यह ट्रेन हजारीबाग और कोडरमा मार्ग से चलेगी। इससे पलामू और गढ़वा रोड क्षेत्र के लोगों की दिल्ली यात्रा काफी सुविधाजनक हो जाएगी।

झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस को जल्द बहाल करने का मिला आश्वासन

रेल मंत्री ने दो और महत्वपूर्ण मांगों को हरी झंडी दी है। पहली रांची से लखनऊ के बीच एक नई ट्रेन शुरू करने का निर्णय, जो डालटनगंज और अयोध्या होकर चलेगी। इससे राजधानी रांची से अयोध्या के लिए सीधा रेल संपर्क भी स्थापित होगा। दूसरी कोहरे की वजह से 1 दिसंबर से बंद झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस को जल्द बहाल करने का आश्वासन भी मिला है।

राज्य की रेल कनेक्टिविटी होगी मजबूत 

रेल मंत्री ने इन सभी प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं। इन बदलावों से पलामू प्रमंडल सहित पूरे झारखंड के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और राज्य की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

Also Read: लिकर – बार में लगातार विवादों पर कार्रवाई, रांची डीसी ने लाइसेंस निलंबित किया

Leave a Comment