आईआईटी आईएसएम धनबाद में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन की शुरुआत, 36 घंटे तक चलेगा नवाचार का महा-मैराथन

By Shreya

Published On:

Date:

आईआईटी आईएसएम धनबाद में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन की शुरुआत, 36 घंटे तक चलेगा नवाचार का महा-मैराथन

Dhanbad: आईआईटी आईएसएम धनबाद में सोमवार को स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (SIH) 2025 की शुरुआत हुई। केंद्रीय पुस्तकालय में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से आए लगभग 160 प्रतिभागी 36 घंटे तक लगातार वास्तविक जीवन की समस्याओं पर आधारित नवाचार समाधान विकसित करेंगे। प्रतिभागियों को अलग-अलग पांच प्रकार की चुनौतियाँ दी गई हैं, जिन पर उनकी टीमों द्वारा प्रस्तुत समाधानों का मूल्यांकन ज्यूरी मेंबर्स द्वारा किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीम को 1.25 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

प्रोफेसर सिद्धार्थ अग्रवाल ने बताया कि स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2025 का ग्रैंड फिनाले 8 और 9 दिसंबर को देशभर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित होगा। यह शिक्षा मंत्रालय के नवाचार प्रकोष्ठ और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) द्वारा आयोजित देश का सबसे बड़ा छात्र-केंद्रित नवाचार कार्यक्रम है। AICTE के चेयरमैन टी.जी. सीथाराम भी कार्यक्रम से जुड़े हुए हैं और प्रतिभागियों के नवाचार प्रयासों की निगरानी कर रहे हैं।

हैकाथॉन में झारखंड मंत्रालय की ओर से छात्रों को पाँच प्रमुख समस्याएँ दी गई हैं, जिनका समाधान नवाचारपूर्ण और व्यावहारिक आइडिया के माध्यम से करना है। ये समस्याएँ मुख्य रूप से कृषि, शिक्षा, ग्रामीण क्षेत्र की चुनौतियाँ और अन्य तकनीकी मुद्दों से जुड़ी हैं। प्रतिभागियों को इन समस्याओं के समाधान के माध्यम से देश के विकास में योगदान देने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में कुल 15 ज्यूरी मेंबर्स शामिल हैं, और प्रत्येक समस्या के मूल्यांकन के लिए तीन-तीन जज नियुक्त किए गए हैं। अंतिम चयन के बाद प्रत्येक समस्या श्रेणी से एक सर्वश्रेष्ठ टीम को चुना जाएगा और उन्हें पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

Also Read: JPSC कार्यालय के बाहर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, जल्द रिज़ल्ट जारी करने की उठी मांग

Leave a Comment