जहरीली गैस से हड़कंप: दो दर्जन लोग बीमार, बीसीसीएल टीम कर रही जांच

By Neha

Published On:

Date:

जहरीली गैस से हड़कंप: दो दर्जन लोग बीमार, बीसीसीएल टीम कर रही जांच

धनबाद : बीसीसीएल झरिया क्षेत्र के केंदुआडीह में बुधवार सुबह अचानक तेज दुर्गंध के साथ जहरीली गैस फैलने लगी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। राजपूत बस्ती, मस्जिद मोहल्ला, 5 नंबर और आसपास के लगभग एक हजार आबादी वाले क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक लोग गैस से प्रभावित होकर बीमार पड़ गए। सभी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। गैस के असर से एक परिवार का पालतू तोता भी मर गया, जिससे लोगों में दहशत और बढ़ गई।

हवा में अचानक तेज बदबू फैली 

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह के समय हवा में अचानक तेज बदबू फैलने लगी। कई लोगों को सिरदर्द, उल्टी, चक्कर और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं होने लगीं। डर के कारण कुछ परिवारों ने अपने घरों को अस्थायी रूप से खाली भी कर दिया। केंदुआडीह निवासी रामकिशन ने बताया कि जहरीली गैस की वजह से उनका तोता मर गया। वहीं महेश गोस्वामी की छोटी बच्ची घर से बाहर निकलते ही चक्कर खाकर गिर गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने इसकी वजह जहरीली गैस का प्रभाव बताया है।

सूचना मिलते ही बीसीसीएल  सेफ्टी ऑफिसर पहुंचे 

सूचना मिलते ही बीसीसीएल के सेफ्टी ऑफिसर, केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडे और अन्य अधिकारी गैस डिटेक्टर मशीन लेकर मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में यह अंदेशा जताया गया कि गैस जीएम गेस्ट हाउस के पास झाड़ियों वाली जमीन से निकल रही है। हालांकि गैस का प्रकार और रिसाव का असली स्रोत अभी पुष्टि नहीं हो पाया है।

बीसीसीएल कुसुंडा एरिया के सेफ्टी ऑफिसर तुषार कांत ने बताया कि आसपास के खाली क्षेत्रों में गैस मौजूद होने की संभावना है। गैस का प्रतिशत अभी मापा नहीं जा सका है, लेकिन दुर्गंध बहुत तेज है। उन्होंने कहा कि पूरी जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है और रिसाव रोकने की कोशिशें जारी हैं।

बीसीसीएल एजेंट लखन लाल बरनवाल ने कहा कि गैस का सटीक स्रोत ढूंढने के लिए लगातार जांच चल रही है। जैसे ही स्थान चिन्हित होगा, उसे बंद करने की कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने भी बताया कि टीम गैस रिसाव रोकने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

Also Read: RPF ने बरामद किए 35 जीवित कछुए, वन्यजीव तस्करी पर बड़ी कार्रवाई

Leave a Comment