धनबाद में भीषण आग से दो की मौत, छह गंभीर रूप से झुलसे

By Neha

Updated On:

Date:

धनबाद में भीषण आग से दो की मौत, छह गंभीर रूप से झुलसे

धनबाद: सरायढेला थाना क्षेत्र के विकास नगर में एक दर्दनाक हादसे में एक मकान में लगी भीषण आग से दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि परिवार के छह अन्य सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के वक्त घर में कुल 15 लोग मौजूद थे।

क्या था पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, चिंतामणि देवी रात करीब 12 बजे कमरे में हीटर चालू कर सो रही थीं। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी, जो देखते ही देखते पूरे कमरे में फैल गई। आग की चपेट में आने से चिंतामणि देवी और उनके नाती प्रशांत कुमार उर्फ गोलू बुरी तरह झुलस गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि 15 दिन पहले ही प्रशांत पटना से धनबाद अपनी नानी के घर आया था।

मौके पर दमकल विभाग की टीम पहुंची

इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आग रात करीब डेढ़ बजे लगी, जब घर के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। किसी को आग लगने की भनक नहीं लगी और जब तक लोगों को इसका पता चला, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। परिजनों और आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

सभी घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज 

जानकारी के अनुसार, घर के ग्राउंड फ्लोर पर चिंतामणि देवी के बड़े बेटे कुंदन प्रसाद अपनी पत्नी ज्योति और बच्चों के साथ सो रहे थे। पहले तल पर आठ लोग, दूसरे तल पर तीन और तीसरे तल पर चार लोग मौजूद थे। हादसे में कुंदन प्रसाद और ज्योति की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

हीटर का उपयोग खतरनाक

इन दिनों धनबाद में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिसके चलते लोग ठंड से बचने के लिए कमरों में हीटर या आग का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे आग लगने का खतरा काफी बढ़ जाता है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस आग लगने के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: Breaking: गोविंदपुर में फायरिंग, कारोबारी के बेटे को मारी गोली

Leave a Comment