धनबाद : बीसीसीएल एरिया-4 के कतरास स्थित अंगारपथरा इलाके में मंगलवार को मां अंबे आउटसोर्सिंग की बंद खदान के पास अचानक भू-गर्भीय आग भड़क गई। आग लगते ही वहां से जहरीली गैस और गाढ़ा काला धुआं निकलने लगा, जो कुछ ही देर में आसपास के गांवों तक फैल गया। तेज बदबू और धुएं की वजह से पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। कई घरों के अंदर भी धुआं घुस गया, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन, खांसी और घुटन जैसी दिक्कतें होने लगीं।
फैलते धुएं से ग्रामीणों की चिंता बढ़ी
लगातार फैलते धुएं से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि यदि आग का दायरा और बढ़ा तो पूरा इलाका खतरे में आ सकता है। इस कारण लोग प्रशासन और बीसीसीएल से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि स्थिति नियंत्रण से बाहर न जाए।
मिथेन गैस से आग भड़की
गैस रिसाव की जानकारी मिलते ही बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आग पर काबू पाने की कोशिश लगातार जारी है और जल्द ही इसे नियंत्रित कर लिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि जिस स्थान पर आग लगी है, वहां पहले अंडरग्राउंड कोयला खदान संचालित थी और मिथेन गैस के ऑक्सीजन के संपर्क में आने से आग भड़की। उन्होंने आश्वासन दिया कि आग को हर हाल में आगे फैलने से रोका जाएगा।
Also Read: धनबाद की बेटी अनीता मजूमदार ने हैदराबाद टाइम्स फैशन वीक में फिर बिखेरा जलवा






