IND vs SA पहला ODI: दक्षिण अफ्रीका ने जीता टॉस, भारत को मिलेगा पहले बल्लेबाजी का मौका

By Shreya

Published On:

Date:

IND vs SA पहला ODI: दक्षिण अफ्रीका ने जीता टॉस, भारत को मिलेगा पहले बल्लेबाजी का मौका

Ranchi: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान ऐडन मार्कराम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। मार्कराम ने कहा कि रात में ओस रहने की वजह से लक्ष्य का पीछा करना आसान होगा, इसलिए उनकी टीम पहले गेंदबाजी करना चाहती थी।

भारतीय टीम इस मुकाबले में अपने नियमित कप्तान और उप-कप्तान के बिना उतरी है। शुभमन गिल गर्दन की चोट से उबर रहे हैं, जबकि श्रेयस अय्यर पसली की चोट की रिकवरी में हैं। उनकी अनुपस्थिति में टीम में दो खिलाड़ियों की वापसी हुई है—जायसवाल गिल की जगह ओपनिंग करेंगे और रुतुराज गायकवाड़ नंबर चार पर बल्लेबाजी करेंगे।

टॉस के दौरान भारतीय कप्तान केएल राहुल ने कहा कि वे भी पहले गेंदबाजी करना पसंद करते। उन्होंने बताया कि कई खिलाड़ियों की टीम में वापसी से ऊर्जा बढ़ी है और यह एक मजबूत टीम के खिलाफ अपनी क्षमताओं को परखने का शानदार अवसर है। टीम आज के मुकाबले में तीन स्पिनर और तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतरी है।

वहीं, दक्षिण अफ्रीकी कप्तान मार्कराम ने कहा कि उनकी टीम ने प्लानिंग के तहत पहले गेंदबाजी चुनी है। उन्होंने बताया कि आगामी 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज़ से यह सीरीज बेहद अहम है। टेम्बा बावुमा और केशव महाराज को आराम दिया गया है, जबकि आज उनकी टीम चार सीमर के साथ मैदान में उतरी है।

Also Read: कोल ब्लॉक नीलामी में झारखंड को मिला कम प्रीमियम, दूसरे राज्यों से बड़ी असमानता

Leave a Comment