टेक न्यूज: जीमेल इस्तेमाल करने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है। बहुत जल्द यूजर्स अपने @gmail.com वाले ईमेल एड्रेस को बदल सकेंगे। अब तक यह सुविधा सीमित यूजर्स के लिए ही उपलब्ध थी, लेकिन जल्द ही आम जीमेल यूजर्स को भी इसका लाभ मिलने वाला है।
अब तक क्यों नहीं बदल पाता था @gmail.com एड्रेस
अभी तक गूगल केवल उन्हीं अकाउंट्स में ईमेल एड्रेस बदलने की अनुमति देता था, जो जीमेल प्लेटफॉर्म पर तो थे लेकिन किसी अन्य सर्विस प्रोवाइडर या कंपनी से जुड़े हुए थे, जैसे ऑफिस ईमेल आईडी। @gmail.com पर खत्म होने वाले पर्सनल ईमेल एड्रेस को बदलने का विकल्प नहीं था। अब इस लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होने जा रहा है।
गूगल सपोर्ट पेज से मिली जानकारी
एनबीटी टेक को गूगल के हिंदी सपोर्ट पेज से इस नई सुविधा की जानकारी मिली है। गूगल के अनुसार, Google अकाउंट का ईमेल एड्रेस बदलने का फीचर सभी यूजर्स के लिए चरणबद्ध तरीके से (रोलआउट) किया जा रहा है। संभव है कि यह विकल्प फिलहाल कुछ यूजर्स को न दिखे, लेकिन आने वाले समय में सभी को इसका लाभ मिल जाएगा।
पुराने यूजर्स को होगा सबसे ज्यादा फायदा
इस बदलाव का सबसे ज्यादा फायदा उन लोगों को होगा, जिन्होंने कई साल पहले जीमेल अकाउंट बनाया था। उस समय यूजरनेम चुनते वक्त उन्होंने प्रोफेशनल पहलू पर ध्यान नहीं दिया और बचपन का नाम या घर में पुकारे जाने वाला नाम ईमेल आईडी में जोड़ लिया।
प्रोफेशनल ईमेल आईडी बनाने का मौका
ईमेल एड्रेस बदलने की सुविधा मिलने से यूजर्स अब अपनी जरूरत के अनुसार एक नई और प्रोफेशनल जीमेल आईडी बना सकेंगे। इससे खासतौर पर नौकरीपेशा लोगों और प्रोफेशनल्स को फायदा होगा, जो अब तक अनप्रोफेशनल लगने वाली ईमेल आईडी का इस्तेमाल करने को मजबूर थे।
Also Read: धनबाद में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, गेस्ट हाउस से चार आरोपी गिरफ्तार












