मुंबई: रिलायंस जियो देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी होने के साथ-साथ अपने ग्राहकों की सुविधा और सुरक्षा पर भी खास ध्यान देती है। सिर्फ किफायती रिचार्ज ही नहीं, बल्कि बेहतर डिजिटल अनुभव देने के लिए जियो लगातार नई सेवाएं लॉन्च कर रही है। बढ़ते स्पैम कॉल और ऑनलाइन फ्रॉड को देखते हुए कंपनी ने अब CNAP (Caller Name Presentation) सर्विस शुरू की है।
अन्य टेलीकॉम कंपनियों को भी देनी होगी CNAP सेवा
टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के निर्देश के बाद एयरटेल, बीएसएनएल और वोडाफोन-आइडिया (Vi) जैसी बड़ी कंपनियों को भी CNAP सर्विस उपलब्ध करानी होगी। इसका मतलब है कि आने वाले समय में इन नेटवर्क्स के यूजर्स को भी कॉल करने वाले का नाम स्क्रीन पर दिखने लगेगा।
क्या है CNAP सर्विस?
CNAP यानी Caller Name Presentation एक ऐसी सुविधा है, जिसमें कॉल आने पर मोबाइल स्क्रीन पर कॉलर का नाम दिखाई देता है। यह सुविधा ट्रूकॉलर जैसे थर्ड-पार्टी ऐप से अलग है, क्योंकि इसमें वही नाम दिखता है जो यूजर ने अपनी टेलीकॉम कंपनी में आधिकारिक दस्तावेजों के आधार पर रजिस्टर कराया होता है। इसी वजह से यह ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद मानी जाती है।
किन राज्यों में शुरू हुई CNAP सुविधा
रिलायंस जियो: पश्चिम बंगाल, केरल, बिहार, यूपी ईस्ट, राजस्थान, पंजाब, असम, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में यह सेवा लाइव हो चुकी है।
एयरटेल: पश्चिम बंगाल, गुजरात, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में CNAP की शुरुआत कर दी गई है।
वोडाफोन-आइडिया (Vi): महाराष्ट्र में यह सेवा चालू है, जबकि तमिलनाडु में इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है।
BSNL: बीएसएनएल फिलहाल पश्चिम बंगाल में इस सुविधा का ट्रायल कर रहा है।
मोबाइल यूजर्स की सुरक्षा पर बढ़ा फोकस
मोबाइल यूजर्स को सुरक्षित रखने के लिए दूरसंचार विभाग (DoT) और टेलीकॉम कंपनियां लगातार नए कदम उठा रही हैं। इसी कड़ी में DoT ने हाल ही में ‘साइलेंट कॉल’ को लेकर चेतावनी जारी की है।
साइलेंट कॉल से रहें सतर्क
साइलेंट कॉल वह कॉल होती है, जिसमें फोन उठाने के बाद दूसरी तरफ से कोई आवाज नहीं आती। DoT के मुताबिक, यह नेटवर्क की खराबी नहीं, बल्कि ठगी का एक नया तरीका हो सकता है। ऐसे कॉल आने पर उस नंबर को तुरंत ब्लॉक करने और संचार साथी पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की सलाह दी गई है, ताकि खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी धोखाधड़ी से बचाया जा सके।
Also Read: Google Meet पर आया नया अपडेट, अब मीटिंग में पूरा सिस्टम ऑडियो होगा शेयर












