रांची: Google Meet ने अपने नए अपडेट के जरिए यूजर्स की एक लंबे समय से चली आ रही बड़ी समस्या को खत्म कर दिया है। अब तक मीटिंग या प्रेजेंटेशन के दौरान यूजर्स केवल किसी एक ब्राउज़र टैब का ही ऑडियो शेयर कर पाते थे, लेकिन नए अपडेट के बाद यह सीमा हटा दी गई है। अब मीटिंग के दौरान पूरे सिस्टम की आवाज शेयर करना संभव हो गया है।
एक साथ कई ऐप्स का इस्तेमाल
इस बदलाव से खास तौर पर उन यूजर्स को बड़ा फायदा मिलेगा, जो प्रेजेंटेशन के दौरान वीडियो, लाइव डेमो या एक साथ कई ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं। अब म्यूजिक प्लेयर, वीडियो फाइल या किसी थर्ड-पार्टी ऐप की आवाज बिना किसी रुकावट के सीधे मीटिंग में शामिल सभी लोगों तक पहुंच सकेगी। कुल मिलाकर, इस अपडेट से वर्चुअल मीटिंग्स पहले से ज्यादा आसान, प्रोफेशनल और प्रभावी बनेंगी और “आवाज नहीं आ रही” जैसी शिकायतें काफी हद तक खत्म हो जाएंगी।
ओल्सो शेयर सिस्टम ऑडियो
Google Meet ने इस फीचर को Also Share System Audio नाम दिया है। पहले जब कोई यूजर स्क्रीन शेयर करता था, तो सिर्फ Chrome के एक टैब का ऑडियो ही मीटिंग में सुनाई देता था। अगर आवाज किसी दूसरे ऐप, मीडिया प्लेयर या अलग ब्राउज़र विंडो से आ रही होती थी, तो बाकी लोग उसे नहीं सुन पाते थे, जिससे खासकर ऑफिस मीटिंग्स और ऑनलाइन क्लासेस में दिक्कतें आती थीं।
सीधे आवाज शेयर हो जाएगी
नए अपडेट के बाद यह समस्या दूर हो गई है। अब जब यूजर Present विकल्प चुनते हैं, तो उन्हें Also share system audio का एक नया टॉगल दिखाई देगा। इसे ऑन करते ही डिवाइस पर चल रही हर तरह की आवाज—चाहे वह वीडियो हो, ऐप हो या कोई अन्य साउंड—सीधे मीटिंग में शेयर हो जाएगी। यह फीचर तब काम करता है जब यूजर किसी विंडो या पूरी स्क्रीन को प्रेजेंट करता है।
प्रेजेंटेशन के लिए मैन्युअली ऑन करना होगा
हालांकि ध्यान रखने वाली बात यह है कि यह टॉगल डिफॉल्ट रूप से बंद रहता है। यानी हर बार प्रेजेंटेशन शुरू करते समय यूजर को इसे मैन्युअली ऑन करना होगा। अगर गलती से यह ऑन करना भूल गए, तो ऑडियो शेयर नहीं होगा और वीडियो या डेमो की आवाज सिर्फ आपके सिस्टम तक ही सीमित रह सकती है। इसलिए प्रेजेंटेशन से पहले इस सेटिंग को जरूर जांचना जरूरी है।
यह सुविधा 2026 से होगी शुरुआत
फिलहाल Google ने इस फीचर का रोलआउट Rapid Release डोमेन्स के लिए शुरू किया है। बाकी यूजर्स को यह सुविधा 2026 की शुरुआत तक मिलने की संभावना है। धीरे-धीरे यह फीचर स्टैंडर्ड Google Workspace अकाउंट्स तक भी पहुंच जाएगा।
विंडो 11 डिवाइस यूजर्स कर सकते है इस्तेमाल
डिवाइस और वर्जन की बात करें तो यह सिस्टम ऑडियो शेयरिंग फीचर अभी कुछ चुनिंदा प्लेटफॉर्म्स पर ही उपलब्ध है। इसका लाभ फिलहाल macOS 14.02 या उससे नए वर्जन और Windows 11 डिवाइस इस्तेमाल करने वाले यूजर्स उठा सकते हैं। साथ ही Google Chrome ब्राउज़र का वर्जन 142 या उससे नया होना जरूरी है। हालांकि, जिन यूजर्स के पास खास या एडवांस ऑडियो सेटअप हैं, उन्हें अभी भी केवल Chrome टैब का ही ऑडियो शेयर करने की सुविधा मिल सकती है।












